नांगल चौधरी के एक हिन्दी दैनिक में काम करने वाले पत्रकार रामपाल फौजी पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने उस वक्त हमला बोल दिया जब वह देर सायं नांगल चौधरी से अपने घर गांव कमानिया जा रहा थे। इस हमले में रामपाल को सिर में चोट लगी है, लेकिन वो बाल-बाल बच गए। हमलावर रामपाल से उसका कैमरा छीन ले गए और उसके मोबाईल फोन को तोड़ गए।
रामपाल ने इस हमले के पीछे स्थानीय सीडीपीओ का हाथ होने का अंदेशा जताते हुए थाना नांगल चौधरी में शिकायत दी है, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धारा 323, 506 व 342 के तहत अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में सीडीपीओं की भूमिका की जांच कर रही है। दूसरी तरफ सीडीपीओ उषा किरण ने इस समूचे मामले से अपनी अनभिज्ञता जताई है। वहीं इस घटना की नांगल चौधरी प्रेस क्लब ने कडडे शब्दों में निंदा की है। पत्रकार रामपाल पर हमले की विभिन्न राजनीतिक दलों ने निंदा करते हुए हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।






