लखनऊ। यूपी में चल रहे मंत्री बर्खास्त करों मौसम में आयुर्वेद चिकित्सा राज्य मंत्री ददन मिश्र ने 'नैतिकता' के आधार पर मायावती मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। साढ़े चार से ज्यादा समय तक नैतिकता को खूंटी पर टांगने वाले मिश्र ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगने के बाद मैंने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री मायावती को मंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा।
श्रावस्ती जिले की भिनगा सीट से विधायक मिश्र ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि बीएसपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनका टिकट काट दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की उपेक्षा और पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगने के बाद मैंने गुरुवार को ही नैतिकता के आधार पर मंत्री पद से इस्तीफा देने का फैसला कर लिया था। अब मैंने आगे का फैसला पार्टी सुप्रीमो पर छोड़ दिया है। उल्लेखनीय है कि मायावती अब तक अपने मंत्रिमंडल से एक दर्जन से ज्यादा मंत्रियों को बर्खास्त कर चुकी हैं।





