देवरिया : समाजवादी चिंतक व सपा सांसद मोहन सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार को बरहज में उनके पैतृक गांव जयनगर के निकट प्रवाहित हो रही पतित पावनी सरयू नदी के पावन तट पर पंच तत्व में विलीन हो गया. स्व. सिंह की पुत्री कनकलता सिंह के ज्येष्ठ पुत्र प्रतीक सिंह ने विलक्षण प्रतिभा के धनी व सर्वश्रेष्ठ सांसद अपने नाना को दिन के करीब पौन एक बजे मुखाग्नि दी.
शव को सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और माता प्रसाद पाण्डेय सहित सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सैकड़ों लोगों ने कन्धा दिया तथा हजारों लोगों ने शव यात्रा में भाग लेकर अपनी भाव भीनी श्रद्धाजंलि अपने चहेते नेता के प्रति अर्पित की.
इससे पूर्व मोहन सिंह की मृत्यु से मर्माहत मुलायम सिंह यादव ने पत्रकारों से कहा कि मोहन सिंह एक व्यक्ति नहीं वरन विचारधारा थे. उनकी कमी हमेशा महसूस की जाती रहेगी. उन्होंने कहा कि वे और पूरी समाजवादी पार्टी स्व. सिंह के परिवार के प्रति इस दुःख की घड़ी में साथ है तथा हमेशा साथ रहेगी.
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.





