बाराबंकी। मुजफ्फरनगर में फिरकेवाराना फसाद कराने वालों के मुंह पर आज करारा तमाचा मारकर यह पैगाम दिया असन्द्रा के मलका तालीम गाह डिग्री कालेज की मुस्लिम छात्राओं ने। लैपटॉप वितरण समारोह में ईरान में तालीम हासिल कर रहे अल्लामा रजा हैदर और ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द सिंह गोप की मौजूदगी में मां की वन्दना कर सब को आश्चर्यचकित कर दिलों को एकता का बंधन बांधने का पैगाम दे डाला।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का वादा इण्टर पास छात्राओं को लैपटॉप देने की कड़ी में जैदपुर हैदरगढ़ विधानसभा की सरहद पर स्थित थाना असन्द्रा के मलका तालीम गाह डिग्री कालेज में आयोजित लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में सरस्वती के चित्र पर दीप जलाकर ग्राम विकास मंत्री अरविन्द सिंह गोप ने शुभारम्भ किया। इस मौके पर इस्मत फात्मा और फूल बानो ने मां की वन्दना इस अन्दाज में की। मां से मोहब्बत करने वालो की आंखे छलक पड़ी। ईरान से आये अल्लामा रजा हैदर की मौजूदगी में। इन छात्राओं ने पढ़ा-दुखि तेरे दर पर खड़ी कब से पुकारती है। पूजा की थाली लिए आरती उतारती है। ऐ वीणा वाली मां, ऐ वीणा वाली मां मुस्लिम छात्राओं का वन्दना करना आम लोगों के दिलों में एक नया पैगाम दे गया।
वहीं मौलाना रजा हैदर ने अपने सम्बोधन में कहा सियासत से वाकिफ नहीं हूं। 18 मार्च 1987 को मैं वतन से बाहर गया तब मुझे वतन की मोहब्बत का अंदाजा लगा। यह हाल वही जिस तरह मछली पानी हटकर बेचैन होती है। वही बेचैनी अपने वतन के छुटने से होती है। आज मेहमानों के गले में फूल की माला डाली गई यह फूल जिसमें काटे नहीं थे। यह प्यार और मोहब्बत का वातावरण मेरे हिन्दुस्तान में आज भी कायम है। सारी जिन्दगी सभी मजहब का अध्ययन करता रहा कई मुल्कों मंे गया लेकिन मुझे अच्छा सिर्फ हिन्दुस्तान लगा।
उन्होंने कहा कि सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तानता हमारा-जिस धरती पर मेरा जन्म हुआ है वहीं दफन हो जाये यही मेरे लिए काफी है। डा. इकबाल का शेर हम लोगों के लिए एक मिसाल था है और रहेगा ‘‘मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना-हिन्दी हैं हमवतन हैं हिन्दोस्ता हमारा। मौलाना रजा ने आगे कहा कि मौलाना कल्बे जवाद साहब हमारे अजीज दोस्त हैं उनका फिरकेवाराना फसाद के बारे में एक तकरीर में कहा कुछ लोगों के मकान जलते हैं और कुछ लोगों की दुकाने चलती हैं।
उन्होंने कहा कि मुल्क की तीन चीजे भ्रष्टाचार, आतंकवाद, फिरकेवाराना फसाद अगर खत्म हो जाये तो हमारा मुल्क एक मिसाली मुल्क होगा। लेकिन उम्मीद की किरन अभी बाकी है लैपटॉप वितरण योजना में मुझे पता चला इसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं है तो हुकूमत की और योजनाओं में भी अगर इसी तरह भ्रष्टाचार खत्म हो जाये तो हिन्दुस्तान एक अजीम मुल्क बन जाये।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि गिलास में पानी की तरह मत रहो नहीं तो सिर्फ एक महदूद जगह ही सिमट कर रह जाओगे। उसके लिए दरिया बन जाओ जहां हर प्यासा अपनी प्यास बुझाये। यानी एक अजीम इन्सान बन जाओ जिसकी अजमतों को लोग सलाम करे और लोगों की मदद करो। मौलाना रजा ने बच्चों को हिदायत भी दिया लैपटॉप का गलत इस्तेमाल न करें सिर्फ शिक्षा में ही इस्तेमाल करें, ड्रामा पिक्चर देखने के लिए नहीं दिया गया है बल्कि आप इससे सॉफ्टवेयर खुद तैयार कर हिन्दुस्तान का नाम दुनिया में रोशन करें। जय हिन्द जय भारत के साथ मौलाना की तकरीर की समाप्ति पर लोगों ने जमकर तालियां बजायी।
बाराबंकी से रिज़वान मुस्तफा की रिपोर्ट.





