जालंधर : वडाला चौक से सटे बंबे नगर में सोमवार सुबह पंजाबी अखबार के पत्रकार मनजीत सिंह गिल का पत्नी के साथ घरेलू विवाद हो गया, जिसको लेकर काफी हंगामा हुआ। गिल की पत्नी हरप्रीत कौर ने पति पर घर में हवाई फायर करने का आरोप लगाया। मौके पर थाना सात पुलिस पहुंची, जो दोनों पक्षों को थाने ले गई। पत्रकार ने गोली चलाने की बात से इंकार किया। उसकी पत्नी ने लिखित शिकायत दी, मगर बाद में सुबह का समय लेकर चली गई। बोली-सुबह बताऊंगी कि कार्रवाई करवानी है या नहीं।
मूलरूप से यूपी की रहने वाली हरप्रीत कौर ने बताया कि उसकी शादी 1997 में गिल के साथ हुई थी। इससे एक बेटा और बेटी है। उसके नाम पर यूपी में 18 एकड़ जमीन थी। उसकी अटार्नी उसके खुद के नाम थी। आरोप है कि मनजीत ने जमीन बेच दी और पैसे अपने पास रख लिए। इसी कारण उसने दो माह पहले पॉवर ऑफ कैंसिल करवा दी। इसी वजह से सोमवार को झगड़ा हुआ और पति ने गोली चला दी। वहीं, मनजीत ने बताया कि पत्नी को गलतफहमी हुई है। उसने जो जमीन बेची है, उससे कई जगह और जमीनें खरीदी। सुबह घरेलू बात को लेकर झगड़ा हुआ था, मगर उसने गोली नहीं चलाई। (भास्कर)





