वरिष्ठ पत्रकार शैलेश के प्रधान संपादकत्व में संचालित न्यूज चैनल 'न्यूज नेशन' पर कुछ ही देर में एक स्टिंग आपरेशन दिखाया जाने वाला है. इसका नाम 'आपरेशन काला पानी' है. इस स्टिंग के प्रसारण को लेकर कल से ही न्यूज नेशन चैनल पर काउंट डाउन चलाया जा रहा है. हालांकि ये किसी को नहीं पता है कि यह स्टिंग यानि यह आपरेशन किस टापिक पर है, लेकिन भड़ास को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यह पूरा आपरेशन जेलों पर केंद्रित है. जेलों में पैसे देकर सुविधा हासिल करने के मसले पर यह स्टिंग किया गया है.
चर्चा है कि इस स्टिंग आपरेशन में करीब आठ-नौ जेलों को शामिल किया गया है. यह भी बताया जा रहा है कि इसमें तिहाड़ जेल भी शामिल है. बुलंदशहर और मेरठ की जेलों का भी स्टिंग है. कहीं डाक्टर रिश्वत लेकर कैदियों को सुविधा मुहैया करा रहा है तो कहीं सिपाही पैसे लेकर मनचाहे काम कर करा रहा है. इस स्टिंग के प्रसारण के बाद खासकर यूपी में बवाल मचना तय माना जा रहा है. न्यूज नेशन चैनल में स्टिंग की गोपनीयता को बरकरार रखने की पूरी कोशिश की गई है. लेकिन इस स्टिंग के प्रसारण को लेकर कुछ जानकारियां मार्केट में लीक हो चुकी हैं.
हालांकि अब वक्त कम है, यानि अगले दो घंटे में इस स्टिंग का प्रसारण शुरू होना है, इसलिए मीडिया से जुड़े लोग और राजनीति व प्रशासन से जुड़े लोग स्टिंग का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि यह स्टिंग न्यूज नेशन चैनल की ब्रांडिंग के लिए काफी मददगार साबित होगा. बताया जाता है कि यह स्टिंग न्यूज नेशन के पत्रकार धीरेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में पत्रकारों की एक टीम ने किया है. इस स्टिंग में कैदियों की बाइट भी है. तो आज शाम देखना न भूलें न्यूज नेशन चैनल. न्यूज नेशन चैनल को आप डिश टीवी पर 568, एयरटेल पर 294, वीडियोकान पर 304 और डीडी डायरेक्ट पर 59 नंबर पर देख सकते हैं.





