पटना में आज से गतिविधियां और तेज होने जा रही हैं। सारी हलचल का केंद्र रहेगा चाणक्या और पाटलिपुत्रा होटल। भास्कर के चेयरमैन रमेश अग्रवाल, प्रबंध संचालक सुधीर अग्रवाल, जगदीश शर्मा, नेशनल एडीटर नवनीत गुर्जर आज दोपहर पटना पहुंच रहे हैं। रमेश अग्रवाल जहां पटना के बड़े-बड़े मारवाड़ियों से मिलेंगे वहीं सुधीर अग्रवाल सीनियर लोगों के नाम फाइनल करेंगे।
रमेश अग्रवाल से मीटिंग के लिये सभी लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। निमंत्रण पाने वाले एक व्यवसायी ने कहा कि तीन बार मीटिंग की जगह बदली गयी है। हो सकता है कि फिर बदल जाये। नवनीति गुर्जर भी संपादकीय सूची में शामिल लोगों से मिलेंगे और फिर जिनका नाम फाइनल करेंगे, उनको सुधीर अग्रवाल से मिलवायेंगे।
सूचना है कि ये लोग मौर्या या चाणक्या में ठहरेंगे और किसी तीसरे होटल में मुलाकात करेंगे। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि प्रभात खबर से गये स्थानीय संपादक प्रमोद मुकेश को भोपाल में रोका गया है। वह नवनीत के साथ नहीं आये हैं। प्रमोद मुकेश की सूची में शामिल लोगों से नवनीत खुद मिलेंगे और आकलन करेंगे। प्रभात ने जिस राकेश रंजन को निकाल दिया था, उसकी ज्वाइनिंग भी अब तक भास्कर में नहीं हुई है। कयास लगाया जा रहा है कि राकेश का मामला अटक गया है।
कहा यह भी जा रहा है कि प्रमोद मुकेश को अब पटना नहीं भेजा जायेगा। जगदीश शर्मा सर्कुलेशन के लिये लोगों से मिलेंगे जिनमें प्रभात और हिंदुस्तान के लोगों के नाम हैं। इन लोगों ने कह रखा है कि इनके साथ पीसीसी की पूरी टीम भी आ जायेगी। प्रभात ने पिछले दिनों सर्कुलेशन के इस आदमी को भागलपुर भेज दिया था और जब पटना में कोई नहीं मिला तो फिर उसे वापस बुलाया। उधर, चर्चा है कि बिहार के मीडिया मुगल वाईसी अग्रवाल का हिंदुस्तान में ही दो साल के लिए सेवा विस्तार कर दिया गया है। (कानाफूसी)





