: प्रबंधन के पूछे जाने पर सभी ने मारपीट की घटना से किया इनकार : कुशीनगर से खबर है कि शैलेंद्र मणि के जागरण छोड़ने के बाद जिलों में जारी तनाव के बीच संपादकीय कर्मचारियों ने अपने ही एक सर्कुलेशन कर्मी को पीट दिया. जैसा कि बताया जा चुका है कि कुशीनगर का पूरा स्टाफ जनसंदेश टाइम्स में जाने को तैयार बैठा है. इस सूचना के बाद से ही प्रबंधन सतर्क है. मैनेमेंट ने अफवाह और सत्य दोनों के बीच अंतर करने के लिए सर्कुलेशन के अपने एक खास व्यक्ति विनीत गुप्ता को कार्यालय में जासूसी करने का काम सौंप दिया था.
बताया जा रहा है कि मैनेजमेंट से आर्डर मिलने के बाद फास्ट हुए विनीत ने कार्यालय के लोगों पर नजर रख रहा था. इसकी जिले के संपादकीय तथा अन्य लोगों को भी हो गई थी. इसी बीच विनीत कोई रजिस्टर उलट-पलट रहा था, जिस एक संपादकीयकर्मी ने ऐसा करने का कारण पूछा तो विनीत ने कुछ तीखा जवाब दिया. बात बढ़ी और पहले से खार खाए संपादकीय एवं अन्य विभाग के कर्मचारियों ने विनीत को धुन दिया. विनीत ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी जागरण के उच्चाधिकारियों को दी, जिससे सभी से पूछताछ हुई. बताया जा रहा है कि चपरासी से भी इस बात की पूछताछ की गई, परन्तु दिचलस्प बात यह रही कि सभी ने ऐसी किसी घटना से इनकार कर दिया.
इस घटना के बाद से संपादकीय तथा अन्य विभागों के इनकार के बाद प्रबंधन को भी समझ में आ गया है कि दाल में कुछ काला नहीं बल्कि कुशीनगर में पूरी दाल काली हो रही है. खबर है कि प्रबंधन को भी अंदेशा हो गया है कि यहां के कार्यरत कर्मी अचानक झटका दे सकते हैं, लिहाजा अब वो संभावित खतरे से निपटने के लिए हर तरह के दांव आजमाने की रणनीति बना रहे हैं. अब देखना है कि यह जनसंदेश टाइम्स में जाने वाली एकता है या विनीत से परेशान होने वाली एकता.





