सोनभद्र : डॉ. मूलशंकर शर्मा स्मृति साहित्य सम्मान की घोषणा कर दी गयी है जो देश के वरिष्ठ साहित्यकारों और पत्रकारों को दी जायेगी। प्रख्यात भाषाविद व हिन्दी-संस्कृत के विद्वान स्व. डॉ. मूलशंकर शर्मा की स्मृति में सम्मान के अन्तर्गत ग्यारह हज़ार रुपये की राशि, स्वर्णपत्र व अंगवस्त्रम प्रदान किया जायेगा। डॉ. मूलशंकर शर्मा साहित्य सम्मान को इस वर्ष साहित्य, पत्रकारिता, भाषा विज्ञान, लोकसाहित्य में उल्लेखनीय कार्य व संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिये दिया जा रहा है।
साहित्य के क्षेत्र में यह सम्मान डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय, असम के पूर्व कुलपति प्रख्यात समाजशास्त्री प्रोफेसर सत्यमित्र दूबे को दिया जाएगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में इण्डियन एक्सप्रेस व जनसत्ता के वरिष्ठ पत्रकार रहे अंबरीष कुमार को प्रदान किया जाएगा। भाषा विज्ञान के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ी भाषा को राष्ट्रीय महत्व का विषय बनाने वाले प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार पाठक, लोकसाहित्य में बिहार के यशस्वी रचनाकार डॉ. रामनारायण तिवारी व संस्कृत भाषा के लिए प्रकाण्ड विद्वान् पं. राम जानकी देव पाण्डेय, सोनभद्र को सम्मानित किया जायेगा।
वर्ष 2009 में डॉ. मूलशंकर शर्मा पत्रकारिता सम्मान जनपद के तीन पत्रकारों महावीर जालान, सत्य नारायण जालान व नरेन्द्र नीरव को व मिर्ज़ापुर से जनाब जियाउल्लाह सिद्दकी को दिया गया था जिसमें ताम्र पत्र व पांच हज़ार रुपये प्रदान किये गये थे। उपरोक्त सम्मान स्व. डॉ. मूलशंकर की जयन्ती पुण्यतिथि पर 9 अक्टूबर, 2013 को आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जायेगा।





