देश के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार और 'चौथी दुनिया' हिंदी-उर्दू साप्ताहिक अखबारों के प्रधान संपादक संतोष भारतीय एक बार फिर टीवी पर नए अवतार में आने वाले हैं. देश की राजनीतिक रग पर जबर्दस्त पकड़ रखने वाले संतोष भारतीय इस बार ईटीवी उर्दू पर लेकर आ रहे हैं 'इलेक्शन न्यूज लाइन', इसके जरिए वे पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में नेताओं की हालत और जनता के मन की थाह लेंगे.
दो जनवरी से प्रारम्भ होने वाले इस विशेष चुनावी कार्यक्रम का प्रोमो भी ईटीवी के चैनलों पर नजर आने लगा है. देश के निर्भीक व विश्वसनीय पत्रकार माने जाने वाले संतोष भारतीय इसके पहले भी ईटीवी के हिंदी चैनलों पर 'दो टूक' प्रस्तुत करके सुर्खियां बटोर चुके हैं. इलेक्शन न्यूज लाइन हर रोज आठ बजे से प्रसारित होगा. सप्ताह में छह दिन यह कार्यक्रम आधे घंटे का होगा जबकि रविवार को पूरा एक घंटा दिखाया जाएगा. जैन टीवी के जमाने में स्टूडियो बेस्ड कार्यक्रमों को पीपुल ओरिएंटेड बनाकर एक ट्रेंड शुरू करने वाले संतोष भारतीय इस बार भी कुछ उसी अंदाज में नजर आने वाले हैं.
ईटीवी के सूत्रों का कहना है कि कंटेंट के लेकर चूजी माने जाने वाले संतोष भारतीय पत्रकार के साथ सांसद भी रहे हैं, लिहाजा वे राजनीति के हर रंग से वाकिफ हैं, जिसका साफ असर ईटीवी उर्दू के कार्यक्रम में देखने को मिलेगा. बताया जा रहा है कि यह प्रोग्राम चुनाव पर विशेष कार्यक्रम करने वाले दूसरे चैनलों के लिए भी एक चुनौती होगा. बताया जा रहा है कि यह प्रोग्राम न्यूज बेस्ड तो होगा लेकिन पीपुल ओरिएंटेड होगा. चुनावों के दौरान यह ईटीवी उर्दू का फ्लैगशिप कार्यक्रम होगा.





