अमर उजाला के क्रिएटिव हेड राजेश जेटली के इस्तीफा देने की खबर सही है. पता चला है कि राजेश जेटली एक फरवरी से हिन्दुस्तान अखबार में बतौर एक्जीक्यूटिव एडिटर (डिजाइन) ज्वाइन करेंगे. सूत्रों का कहना है कि राजेश जेटली के शशिशेखर से हमेशा से अच्छे संबंध रहे हैं. यशवंत व्यास द्वारा असम्मानजनक व्यवहार करने के कारण राजेश जेटली ने अमर उजाला छोडऩे के बारे में बहुत पहले सोच लिया था, लेकिन शशि शेखर का वादा था कि जेटली को हिन्दुस्तान लाने से पहले उनकी गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. इसलिए उन्हें इतने लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. हालांकि अब इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि वे एक महीने में हिन्दुस्तान ज्वाइन कर लेंगे.
शशिशेखर ने अपना वादा निभाते हुए उन्हें सेकेंड लाइन में रखा है. सूत्रों के मुताबिक सुधांशु श्रीवास्तव के बाद राजेश जेटली होंगे. बाकी सब इनके बाद. अब एक और बड़ी खबर यह भी मिली है कि हिन्दुस्तान में जेटली के आने की बात सुनते ही वहां खलबली मच गई है. वहां ज्यादातर सीनियर पोस्ट पर बैठे डिजायनर्स अमर उजाला से ही आए हैं और ऐसा भी मालूम चला है कि उनमें से कइयों के संबंध जेटली से कभी बेहतर नहीं रहे. अब उन्हें अपनी नौकरी की चिंता सताने लगी है. कइयों ने दूसरे अखबारों में नौकरी तलाशनी भी शुरू कर दी है. अब देखना यह है कि जेटली के जाते ही वहां का डिजायन डिपार्टमेंट खाली होता है, या पहले ही लोग अपना जुगाड़ कहीं फिट कर लेंगे. चलिए जेटली साहब को नर्ई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दे देते हैं.
अगर आपके पास भी मीडिया संस्थानों या मीडियाकर्मियों से जुड़ी कोई भी छोटी-बड़ी जानकारी है तो भड़ास तक [email protected] के जरिए पहुंचा सकते हैं. मेल भेजने वालों का नाम अनुरोध करने पर हमेशा गोपनीय रखा जाएगा.





