यूपी के सुल्तानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में 25 फरवरी को कवरेज के दौरान एक हिंदी दैनिक अख़बार के फोटोग्राफर की पुलिस पिटाई के मामले में भारतीय प्रेस परिषद् ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव समेत सात अधिकारियों को 29 अक्टूबर को नई दिल्ली तलब किया है.
भारतीय प्रेस परिषद की उप सचिव पूनम सिब्बल की तरफ से जारी किये गए नोटिस में पीड़ित दैनिक हिन्दुस्तान समाचार पत्र के फोटोग्राफर राजबहादुर यादव के शिकायती पत्र का हवाला दिया गया हैय तलबी नोटिस में यूपी के मुख्य सचिव, गृह सचिव पुलिस, फैजाबाद रेंज के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी के. धनलक्ष्मी, पुलिस अधीक्षक किरण एस., नगर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश सिंह और नगर कोतवाल जीतेन्द्र गिरी को 29 अक्टूबर को साक्ष्यों के साथ इस आशय के लिए बुलाया गया है कि वे प्रकरण से संबंधित मौखिक अथवा दस्तावेजी साक्ष्य सहित अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं. इसके पूर्व मार्च माह में जारी की गयी नोटिस में प्रकरण में दोषियों के विरुद्ध की गयी कार्यवाही के सम्बन्ध में जिला प्रशासन के द्वारा दी गयी रिपोर्ट से असंतुष्ट भारतीय प्रेस परिषद् ने तलबी की कार्यवाही की है.






