नई दिल्ली : खबरिया टेलीविजन चैनल से जुड़ी शख्सियत समीर नायर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। स्टार टीवी के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नायर ने आप में शामिल होने पर कहा कि मुंबई के बहुत से मीडिया पेशेवरों की तरह वह भी जनलोकपाल के समर्थक रहे हैं और अब आप से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए उनमें जो भी विशेषज्ञता हैं उसका उसमें योगदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे बहुत से सहयोगी आप को संचार कार्य में मुफ्त में सेवा देने के लिए तैयार हैं।
समीर ने कहा हालांकि वह मुंबई के मतदाता हैं इसलिए दिल्ली के चुनाव में मतदान तो नहीं कर सकते किंतु अपने सभी दोस्तो, रिश्तेदारों और परिचितों से आप को वोट देने की अपील करेंगे। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नायर के शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि वे भी तमाम उन लोगों की तरह पार्टी से जुडे़ हैं जैसे पहले बहुतों ने नौकरी छोड़कर स्वेच्छा से हमारा सहयोग करने का फैसला किया। केजरीवाल ने कहा कि सभी क्षेत्रों से जुडे़ लोग बड़ी संख्या में आप से जुड़ रहे हैं। आप देशभर के लोगों से अपील करती है कि यदि संभव हो तो दिल्ली आकर वह राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए अपना योगदान दें।






