इकतीस साल तक दैनिक जागरण की सेवा करने वाले नजीर मलिक अब इस अखबार के साथ आगे काम नहीं करने वाले हैं. सिद्धार्थनगर के ब्यूरोचीफ के रूप में पिछले 17 सालों से सेवारत नजीर ने फेसबुक पर एलान किया है कि वो जागरण के मनुवादियों से हार गए हैं तथा वे जागरण नहीं बल्कि जनसंदेश टाइम्स के सिद्धार्थनगर ब्यूरोचीफ के रूप में मिलेंगे. नजीर पिछले एकतीस सालों से जागरण से जुड़े हुए हैं. सात महीने पहले उन्हें सिद्धार्थनगर के ब्यूरोचीफ के पद से हटाकर गोरखपुर बुला लिया गया था.
इसके बाद गोरखपुर में उन्हें लोकल डेस्क पर जिम्मेदारी दे दी गई थी. नजीर कहते हैं कि यह फैसला लेना काफी मुश्किल रहा है. हालांकि वह मनुवादियों के संदर्भ में पूछे जाने पर कहते हैं कि उनका आशय मनुवादी नहीं बल्कि खबरों के आतंकवादियों से था, जो जागरण को गर्त में ढकेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने जागरण से इस्तीफा नहीं दिया है और ना ही जनसंदेश ज्वाइन किया है, पर उनका कहना है कि अब वो जागरण में काम करने वाले नहीं हैं, जल्द ही जनसंदेश ज्वाइन करेंगे. संभावना है कि उन्हें सिद्धार्थनगर का ब्यूरोचीफ बनाया जाएगा.







