शाहजहांपुर : जिला प्रशासन अब फर्जी पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसका निर्णय डीएम की अध्यक्षता में हुई जिलास्तरीय स्थाई पत्रकार समिति की बैठक में लिया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में समिति के सदस्यों ने मुद्दा उठाया कि जिले में दर्जनों फर्जी पत्रकार सक्रिय हैं। वाहनों पर प्रेस लिखाए हुए हैं। जिनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी राजमणि यादव ने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बीच आपसी सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि सहायक निदेशक सूचना जिला प्रशासन एवं पुलिस कप्तान को अधिकृत पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराएं जिससे फर्जी मीडिया कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहायक निदेशक सूचना समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के स्थानीय संपादकों से सूची मांग लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी संस्थान से सूची प्राप्त नहीं होती है तो जिले में कार्यरत पत्रकार अपना अधिकार पत्र वाहन नम्बर व अन्य संबंधित दस्तावेज जो पत्रकार होने का सबूत हों, जिला सूचना कार्यालय में उपलब्ध कराएं। उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सहायक निदेशक सूचना पि्रंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों की सूची बनाकर उपलब्ध कराएं। एसपी सिटी शिव प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि सूची मिलने पर ही अभियान चलाया जा सकेगा।






