समाचार एजेंसी सिन्हुआ की ख़बर है कि थाईलैंड के दक्षिणी प्रांत नरथीवात में शनिवार को हुए दो बम-धमाकों में पाँच पत्रकारों सहित तेरह लोग घायल हो गए हैं। पहला बम-विस्फोट शनिवार की सुबह तब हुआ, जब छह अर्द्धसैनिक सड़कों पर गश्त कर रहे थे। उन सभी को बम के छर्रे लगे हैं।
कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। जब एक पुलिस-दल घटनास्थल पर पहुँचा तो दूसरा बम-विस्फोट हुआ। परिणामस्वरूप दो पुलिसकर्मी और पाँच पत्रकार घायल हो गए। एक पत्रकार समाचार एजेंसी फ्रांस-प्रेस के लिए काम कर रहा था। पुलिस का मानना है कि इस हमले के पीछे स्थानीय अलगाववादियों का हाथ हो सकता है।





