सोनभद्र : साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पाँच विभूतियों को डा. मूल शंकर शर्मा सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान में ग्यारह ह़जार रूपये राशि, स्वर्ण पत्र व अंगवस्त्रम् भेंट किया गया। देश के शीर्षस्थ विद्वानों की चयन समिति द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार साहित्य के क्षेत्र का सम्मान प्रोफेसर सत्यमित्र दूबे को व पत्रकारिता का सम्मान अंबरीष कुमार को दिया गया।
छत्तीसगढ़ी भाषा पर विशिष्ट कार्य हेतु भाषा विज्ञान का सम्मान डा. विनय कुमार पाठक (बिलासपुर) व लोक साहित्य के क्षेत्र का सम्मान डा. रामनारायण तिवारी (बक्सर, बिहार) को दिया गया। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिये आचार्य पं. रामजानकी देव पाण्डेय सम्मानित किये गये।
स्व. डा. मूल शंकर शर्मा की पाँचवी पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब, सोनभद्र द्वारा सोनभद्र (उ.प्र.) में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में उक्त पुरस्कार वितरित किय गये। डा. मूल शंकर शर्मा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा दिये जाने इस सम्मान को अगले वर्ष दिये जाने हेतु एक राष्ट्रीय स्तर पर चयन समिति का गठन किया जा रहा है। डा. संजय चतुर्वेदी के अनुसार सम्मान राशि को बढ़ाकर अब पच्चीस ह़जार रुपये कर दिया गया है।





