दीपक चौरसिया वाकई बड़े ब्रांड नेम बन चुके हैं. तभी तो ठंढ के इस मौसम में हरिद्वार का सियासी पारा एकदम से चढ़ गया. स्टार न्यूज के 'कौन बनेगा मुख्यमंत्री' नामक पापुलर चुनावी शो को होस्ट करने वाले दीपक चौरसिया ने हरिद्वार में गंगा किनारे मंच सजाया. कांग्रेस और भाजपा के नेता अपने समर्थकों के साथ मौके पर विराजमान थे. दीपक ने दोनों पक्षों के जब गुण-दोष पर एक दूसरे से बातचीत शुरू की तो देखते ही देखते नेताओं और उनके समर्थकों का संयम जवाब देने लगा और दोनों ही पार्टियों के लोग आपस में भिड़ गये. कुर्सियां तक उछाली गईं.
कांग्रेस व भाजपा के नेताओं-समर्थकों में आपसी धक्का-मुक्की और मारपीट के बावजूद दीपक ने लाइव कार्यक्रम जारी रखा और दोनों पक्षों से सवाल-जवाब करते रहे. सबसे ज्यादा तमतमाये थे भाजपाई. भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा रहा उत्तराखंड का भाजपा शासनकाल अब संयम तक रखने को तैयार नहीं है. इसी कारण यह लाइव शो पूरा नहीं हो सका और स्टूडियो से शो को कट कर दिया गया. यह दीपक चौरसिया का ही प्रताप था कि हरिद्वार का लाइव शो बेहद गर्मागर्म बन गया और जिसने भी शो के दौरान स्टार न्यूज को आन किया, वह कहीं से हिला नहीं, दो पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की लाइव भिड़ंत का आनंद उठाता रहा. बहुत दिनों बाद किसी शो में ऐसी गर्मागर्मी दिखी. लग रहा था मानों यह किसी सदन का नजारा हो.






