लखनऊ : चौक कोतवाली थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दारोगा ने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ एक न्यूज चैनल के पत्रकार मोहसिन हैदर की पिटाई कर दी। बताया गया कि पत्रकार अपने परिवार के साथ कहीं से आ रहे थे। चौक चौराहे के पास बैरिकेडिंग लगी हुई थी। इसी बात को लेकर उनकी सिपाही सुनील से बहस हो गई। इस बीच मौके पर सिपाही सियाराम व दारोगा रुमा यादव भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मिलकर मोहसिन की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात सिपाही सुनील व सियाराम तथा दारोगा रुमा यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस कर्मियों के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।






