महुआ न्यूज से बड़ी खबर है कि संपादक किशोर मालवीय ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के समर्थन में इस्तीफा दे दिया है. भड़ास4मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की वाजिब मांगों के चलते उनके समर्थन में उन्होंने ये कदम उठाया है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने उनसे कहा कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिल पा रहा है, इसलिए वे हड़ताल पर जा रहे हैं. कर्मचारियों के सामने अब जीवन चलाने के लिए संसाधनों के चरम अभाव की स्थिति आ गई है. कर्मचारियों ने किशोर मालवीय से आग्रह किया कि वे प्रबंधन से बात करें. सूत्रों का कहना है कि प्रबंधन ने जब कर्मचारियों की मांग मानने में टालमटोल का रवैया अपनाया तो किशोर मालवीय ने अपना खुद का इस्तीफा सौंप दिया.
बताया जाता है कि करीब सवा सौ कर्मचारी कामकाज ठप कर नोएडा फिल्म सिटी स्थित महुआ न्यूज के मुख्यालय को अपने कब्जे में कर लिया है. कर्मचारियों ने तय किया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, वे मौके से हिलेंगे नहीं. न तो काम करेंगे और न घर जाएंगे और न आफिस छोड़ेंगे. महुआ न्यूज में हड़ताल की खबर नोएडा फिल्म सिटी में जंगल में आग की तरह फैली. देखते ही देखते कई न्यूज चैनलों के कर्मचारियों के बीच कानाफूसी होने लगी और दूसरे चैनलों के लोग हाल जानने के लिए महुआ न्यूज के आफिस के सामने पहुंचने लगे. कई लोग फोन करके ही महुआ न्यूज के कर्मियों से ताजे घटनाक्रम के बारे में अपडेट लेते रहे.
संबंधित अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
महुआ आफिस कब्जा