नई दिल्ली। कांग्रेस मीडिया सेल के प्रभारी अजय माकन ने नरेंद्र मोदी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुश्मन करार दिया. अजय माकन ने पार्टी की ब्रीफिंग में एक अंग्रेजी अखबार की महिला पत्रकार ('द हिंदू' की पत्रकार विद्या सुब्रमण्यम) को सरदार वल्लभ भाई पटेल पर लिखे एक लेख के कारण मिल रही धमकियों का मामला उठाया और बताया कि उन्होंने गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे से इसकी जांच कराके समुचित कार्रवाई को कहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि 'द हिंदू' की पत्रकार विद्या सुब्रमण्यम को संघ परिवार और मोदी के समर्थकों से शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने और बम से हमला करने की धमकियों वाले फोन कॉल आ रहे हैं. इसकी पुलिस मे शिकायत दर्ज कराई गई है. माकन ने कहा कि एक तरफ तो मोदी सरदार पटेल की प्रतिमा की आधारशिला रख रहे हैं, दूसरी तरफ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करके सरदार पटेल द्वारा रखी गई राष्ट्र की आधारशिला पर प्रहार कर रहे हैं.
उधर, 'द हिंदू' की पत्रकार विद्या सुब्रमण्यम ने एक न्यूज चैनल से कहा कि उनसे जुड़े मुद्दे को उठाकर कांग्रेस ने ठीक नहीं किया. उन्होंने कांग्रेस को इस मुद्दे को उठाने की इजाजत नहीं दी थी. कांग्रेस के मीडिया सेल के चीफ अजय माकन ने कहा था कि सरदार पटेल और आरएसएस के संबंधों पर लेख लिखने के लिए एक महिला पत्रकार को संघ परिवार की ओर से धमकाया जा रहा है.





