दिल्ली पुलिस ने द हिंदू अखबार की महिला पत्रकार विद्या सुब्रमण्यम को सरदार पटेल पर लिखे उनके लेख के लिए जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है. विद्या सुब्रमण्यम ने अज्ञात लोगों द्वारा धमकी देने के लिए अलग-अलग फोन नंबरों से करीब ढाई सौ कॉल करने की शिकायत संसद मार्ग थाना पुलिस से की है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार पत्रकार ने 15 अक्टूबर को अपनी शिकायत दी.
शिकायत में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व विश्व हिंदू परिषद का समर्थक बताने वाले कुछ अनजान लोग उन्हें लगातार फोन पर डरा रहे हैं. बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं. अधिकांश फोन तमिलनाडु से आए हैं. फोन करने वाले अपशब्दों का प्रयोग करने के साथ ही उन्हें घर में विस्फोट कर मार डालने की बात कर रहे हैं.
विद्या सुब्रमण्यम ने कहा है कि उनके अखबार के तमिलनाडु संस्करण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आधारित एक लेख उनके नाम से छपने (8 अक्टूबर) के बाद से ऐसा हो रहा है. लगातार धमकियां मिलने से उनका काम प्रभावित हो रहा है. 15 अक्टूबर को कुछ लोग उनके कार्यालय भी आए थे जो संपादक से बातचीत करने के बाद ही वहां से हटे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में पता चला है कि करीब दस नंबरों से पत्रकार को धमकी भरी 250 फोन कॉल आई हैं. सभी फोन तमिलनाडु से किए गए हैं. 9842*** 801 नंबर से तेरह बार कॉल आई. इसके अलावा अंत में 777, 081, 156 तथा 139 डिजिट के नंबरों से भी फोन किए गए हैं. इस संबंध में महिला पत्रकार की कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा शिकायत लेकर जल्द ही पुलिस की एक टीम तमिलनाडु जाएगी. तमिलनाडु पुलिस से भी आरोपियों की शिनाख्त करने में सहयोग मांगा गया है.





