बनारस से खबर है कि अमर उजाला के सलाहकार संपादक अजय उपाध्याय के छोटे भाई विजय उपाध्याय का बनारस में निधन हो गया. वे 48 वर्ष के थे. उन्हें गले का कैंसर था. पन्द्रह दिन पहले उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. बीती रात उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली. कुछ महीने पहले ही वे मुंबई से अपना इलाज कराकर लौटे थे.
हालत बिगड़ने पर उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया था. विजय उपाध्याय तीन भाइयों में मझले थे तथा बनारस में ही अपना व्यवसाय कर रहे थे. वे अपने पीछे पत्नी तथा एक पुत्री छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार बनारस के हरिश्चंद्र घाट पर किया गया. मुखाग्नि उनके पिता नवीनचंद्र उपाध्याय ने दिया. इस दौरान अजय उपाध्याय, डा. तीरविजय सिंह, योगेश गुप्ता पप्पू, पदमपति शर्मा, पवन सिंह समेत बनारस की पत्रकारिता से जुड़े तमाम लोगों के अलावा परिजन व शुभचिंतक भी मौजूद रहे.






