हिंदुस्तान, मुरादाबाद को लांच करने की तैयारियां जोरों पर है. संपादकीय प्रभारी मनीष मिश्रा के निर्देशन में टीम को अंतिम रूप दिए जाने का काम किया जा रहा है. खबर है कि कल हिंदुस्तान से कई लोगों ने अपनी नई पारी शुरू की है. अमर उजाला, गोरखपुर से अभिनव उपाध्याय एवं मुकेश शुक्ला ने इस्तीफा देकर मुरादाबाद में हिंदुस्तान ज्वाइन किया है. वहीं दैनिक जागरण, कानपुर से इस्तीफा देकर शैलेंद्र शुक्ला यहां से अपनी नई पारी शुरू की है.
राजस्थान पत्रिका से इस्तीफा देकर अमर उजाला, मुरादाबाद में काम कर रहे आशीष शुक्ला ने भी इस्तीफा देकर हिंदुस्तान का दामन थाम लिया है. वे तीन-चार दिन ही अमर उजाला के साथ रहे पाए. इनके साथ ही राजस्थान पत्रिका से इस्तीफा देने वाली गीतांजलि भी हिंदुस्तान पहुंच गई हैं. बरेली में हिंदुस्तान तथा जागरण के साथ काम कर चुकी सुचित्रा भी हिंदुस्तान का हिस्सा बन गई हैं.
सूत्रों का कहना है कि हिंदुस्तान प्रबंधन मुरादाबाद में जल्द से जल्द लांचिंग की कोशिशों में लगा हुआ है. खबर है कि अखबार को पन्द्रह जनवरी से लांच किए जाने की योजना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. पर बताया जा रहा है कि प्रबंधन चाहता है कि जब तक मुरादाबाद यूनिट में मशीनें नहीं बैठ जाती हैं तब तक अखबार को बरेली से प्रकाशित करवा कर मंगाया जा सकता है. बहरहाल, मुरादाबाद में प्रतिद्वंद्वी अखबार अमर उजाला और दैनिक जागरण की निगाह भी हिंदुस्तान के लांचिंग पर लगी हुई हैं. इन दोनों अखबारों ने संभावित खतरे को देखते हुए पहले ही अपने अखबारों के दाम घटा दिए हैं.





