नयी दिल्ली : इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आईएनएस) ने छत्तीसगढ़ में राजस्थान पत्रिका ग्रुप के अखबार पत्रिका द्वारा कथित तौर पर मुख्यमंत्री और उनके रिश्तेदारों के बारे में खबरें छापने पर उसके खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई की निंदा की है। सोसायटी ने मुख्यमंत्री से अखबार के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है।
आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार आईएनएस के अध्यक्ष आशीष बग्गा ने कहा कि अखबार ‘पत्रिका’ के खिलाफ छत्तीसगढ़ सरकार ने कथित तौर पर 40 से 50 आपराधिक मामले दाखिल किये हैं जिनमें अधिकतर बस्तर जिले में दर्ज किये गये हैं। यह स्पष्ट दर्शाता है कि कार्रवाई का मकसद अखबार को धमकाना है। आईएनएस के महासचिव वी. शंकरन के हस्ताक्षर के साथ जारी विज्ञप्ति के मुताबिक प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं द्वारा अखबार की प्रतियां जलाने की भी खबरें आई हैं। आईएनएस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह से अनुरोध करते हुए कहा है, ‘‘एक सम्मानित अखबार के विरुद्ध इस तरह की अलोकतांत्रिक कार्रवाई नहीं की जाए।’’ बग्गा ने कहा कि आईएनएस प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी तरह के हमले का प्रतिरोध करने के लिए प्रतिबद्ध है।





