ट्रैवेल राइटर और फोटोग्राफर शिवानी पांडेय की प्रदर्शनी लाइफ….. सा रे गा मा का का उद्घाटन कल केन्द्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी करेंगे. उद्घाटन कल 16 नवम्बर को शाम पांच बजे इंडिया हैबीबेट सेंटर के पामकोर्ट में आयोजित किया गया है. प्रदर्शनी का आयोजन 16 से 19 नवम्बर तक चलेगी. इस अवसर पर देश के सुदूर हिस्सों में काम करने वाले कलाकारों को राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय परिदृश्य पर लाने और उनकी कला को संरक्षित करने वाली वेबसाइट www.kalaok.com का उद्घाटन भी किया जायेगा. इस कार्यक्रम में भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त प्रसाद करियावासम, ग्लोबल मार्च अगेन्स्ट चाइल्ड लेबर के कैलाश सत्यार्थी और एनडीटीवी के कार्यकारी सम्पादक रवीश कुमार अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे.
शिवानी पांडेय के चित्रों की प्रदर्शनी बीती गर्मियों में अमेरिका में भी आयोजित की जा चुकी है. दिल्ली की रहने वाली शिवानी ट्रैवेल राइटर और फोटोग्राफर हैं. वे कई अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं के लिए काम करती हैं लेकिन उनकी दिल्चस्पी भारत के ग्रामीण समाज और खासकर आदिवासियों में है. प्रकृति से उनका गहरा लगाव है अतः उनके चित्रों में फूलों का निखार, पहाड़ों का सौन्दर्य और यात्रा रोमांच भी दिखता है. वहीं kalaok.com एक आनलाइन प्लेटफार्म है जो देश के दूर दराज के हिस्सों में बैठे कलाकारों और शिल्पकारों की कृतियों को वेबसाइट पर फोटो, वीडियो और आलेख के माध्यम से दुनिया के सामने रखती है.
शिवानी ने प्रबंधन की पढ़ाई की है लेकिन फोटोग्राफी और कला के प्रति आकर्षण ने उन्हें ट्रैवेल राइटर बना दिया. वह कई अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर महिलाओं और बाल विकास से जुड़े कार्य भी कर रही हैं.