एनएचआरएम घोटाले के संदिग्धों में शामिल उत्तर प्रदेश के पूर्व परिवार कल्याण मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के घर सीबीआई ने छापा मारा है। आज सुबह सीबीआई के 6 अधिकारी लखनऊ में कुशवाहा के किराए के घर में छापेमारी की है। कुशवाहा मौके पर नहीं मिले हैं। उनके परिवार के लोगों से सीबीआई पूछताछ कर रही है। एक साथ कुल 50 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। बाबू सिंह कुशवाहा कल ही बीजेपी में शामिल हुए है। दिल्ली में भी कुछ जगह पर छापेमारी की जा रही है।
लखनऊ में सीबीआई ने 15 स्थानों पर छापा मारा है। इनमें एनएचआरएम घोटाले में शामिल कुछ ठेकेदार और अधिकारियों के घर और ठिकाने शामिल हैं। कुशवाहा के परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बाबू सिंह कुशवाहा को मायावती ने अपने मंत्रिमडल से निकाल दिया था तथा टिकट भी काट दिया था। बाबू लाल कुशवाहा कल ही भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा नेताओं के सामने भी दिक्कत आ गई है, कल तक बाबू लाल कुशवाहा को जमकर गरियाने वाले भाजपाई उन्हें अपनी गोद में बैठा लिया है।
छापेमारी के बाद दूसरे राजनैतिक दलों ने कुशवाहा तथा बीजेपी पर हमले तेज कर दिए हैं. सूत्रों का कहना है कि सीबीआई की छापेमारी अब भी जारी है। सीबीआई इन ठिकानों से मिले कागजों की जांच में जुटी हुई है। खबर है कि बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो गई है। सीबीआई ने यह छापे उत्तर प्रदेश में एनआरएचएम यानी राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रम में हुए घपले की जांच के सिलसिले में मारे हैं।





