बाबूलाल कुशवाहा के दर्जनों ठिकाने पर सीबीआई छापे पड़ने के क्रम में खबर है कि सीबीआई के अफसर हिंदी दैनिक जनसंदेश टाइम्स के लखनऊ स्थित आफिस भी पहुंचे. सीबीआई टीम ने यहां प्रबंधन से जुड़े लोगों से पूछताछ की. अखबार के पूरे आफिस का निरीक्षण किया. मशीन आदि पर आई लागत की पड़ताल की. जरूरी सवाल जवाब किए. सीबीआई अफसरों के अखबार के दफ्तर पहुंचने पर हड़कंप मच गया. कोशिश की गई कि सीबीआई के आफिस पहुंचने की खबर बाहर लीक न हो लेकिन धीरे धीरे पूरे लखनऊ में चर्चा आम हो गई कि जनसंदेश टाइम्स पर भी सीबीआई छापा पड़ा है.
ज्ञात हो कि जनसंदेश टाइम्स हिंदी दैनिक में बाबूलाल कुशवाहा का पैसा लगा है. बाबूलाल ने सीधे तौर पर खुद के नाम यह अखबार निकालने की जगह अपने खास लोगों को आगे करके अखबार निकाला. सीबीआई बाबूलाल के उन करीबियों के ठिकानों की भी जांच कर रही है जिनके नाम बाबूलाल ने करोड़ों रुपये कर दिए. चर्चा आम है कि इस छापेमारी के बाद बाबूलाल और उनके करीबी लोग बुरी तरह फंस सकते हैं. इस कारण जनसंदेश चैनल और जनसंदेश टाइम्स अखबार, दोनों का भविष्य चौपट हो सकता है. वैसे भी कहा जाता है कि काली कमाई के धन से कितने दिन पुण्य कर्म किया जा सकता है.





