अभी अभी सूचना आई है कि गोवा पुलिस ने तहलका फेम तरुण तेजपाल के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कर लिया है. तहलका में कार्यरत लड़की ने तहलका के एडिटर इन चीफ तरुण तेजपाल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. हालांकि लड़की ने पुलिस में कंप्लेन नहीं की है पर पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है. मामला गोवा में घटित हुआ था, इसलिए गोवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है.
चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी यौन उत्पीड़न के आरोप के बहाने तरुण तेजपाल से अपना स्कोर सेटल करना चाहती है. तरुण तेजपाल व तहलका की टीम ने ही बंगारू लक्ष्मण समेत कई भाजपा नेताओं का स्टिंग किया था जिसमें ये लोग पैसे लेते, गिनते दिखाई दिए थे. उससे भाजपा को काफी नुकसान हुआ था. गोवा में भाजपा का शासन है. इस कारण वहां की सरकार इस मामले में काफी रुचि दिखा रही है. संभव है जल्द ही गोवा पुलिस तरुण तेजपाल को गिरफ्ता कर ले. इसी कारण गोवा पुलिस ने रेप करने की कोशिश का मामला बनाया है और सारी गैर-जमानती धाराएं लगाई हैं.






