तहलका यौन उत्पीड़न मामले में पीड़ित महिला पत्रकार ने आज तहलका से इस्तीफा दे दिया. जहां कल गोवा पुलिस के बिना पूछताछ लौट जाने से तरुण तेजपाल राहत महसूस कर रहे होंगे वहीं पीड़िता के इस कदम से उनकी मुश्किलें और बढ़ने का आशंका जताई जा रही है. पीड़ित लड़की से मजिस्ट्रेट के सामने बयान लिया जा सकता है.
उधर तेजपाल ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है. हालांकि कल ही ये बातें हो रही थीं कि पुलिस तेजपाल से पूछताछ कर सकती है और गिरफ्तार भी कर सकती है लेकिन गोवा पुलिस के वापस लौट जाने से सारी अटकलों पर विराम लग गया.
गोवा के डीआईजी ओपी मिश्रा ने जांच में हुई प्रगति की रिपोर्ट देते हुए कहा कि पुलिस ने तहलका की मैनेजिंग एडिटर शोमा चौधरी से पूछताछ की है. पुलिस ने जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किया है और कुछ लोगों से पूछताछ की गई है. पुलिस अब आगे की जांच करेगी. उन्होंने कहा कि हम ऐसी कोई जानकारी नहीं दे सकते जिससे जांच प्रभावित हो.
डीआईजी ने सोशल मीडिया में रिपोर्टिंग को लेकर नाराजगी भी जताई. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में यौन उत्पीड़न मामलों में ऐसा कुछ नहीं किया जाना चाहिए जिससे पीड़ित की गरिमा को ठेस पहुंचे. डीआईजी ने कहा है कि हम ऐसी रिपोर्टिंग को संज्ञान में ले रहे हैं और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई करने से नहीं हिचकिचायेंगें.