आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के कथित गलत रूप से धन लेने की बात स्वीकारने वाले वीडियों में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए इस वीडियो को तैयार करने वाले अनुरंजन झा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है. आप ने 'मीडिया सरकार' पोर्टल के कर्ताधर्ता झा के साथ ही एक निजी समाचार चैनल के दो अधिकारियों के भी नाम लिए हैं. पार्टी ने कहा है कि इन लोगों ने वीडियो की सत्यता को बगैर जांचे ही खबरें चलाकर उनकी पार्टी को बदनाम किया.
आप की ओर से संगम विहार विधान सभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार दिनेश मोहनिया द्वारा दायर याचिका पर 27 नवम्बर को सुनवाई होने की सम्भावना है. आप ने शिकायत में कहा है कि अनुरंजन झा ने पार्टी की छवि खराब करने के लिए संपादित सीडी जारी की जिसके साथ छेड़छाड़ हुई लगती है.
आप ने कहा कि झा द्वारा मीडिया को दिये गये संपादित सीडी से भी ये बात नहीं दिखती कि किसी उम्मीदवार ने कुछ अवैध किया या पार्टी के लिए काला धन स्वीकार किया हो. किसी भी गैर-कानूनी या अनैतिक काम का वादा किया हो. इसके बावजूद अनुरंजन झा अपनी टिप्पणी में आप को भ्रष्ट राजनीतिक पार्टी बताते हैं.
आम आदमी पार्टी ने दावा किया पोर्टल 21 नवम्बर को 14 घंटे के कुल वीडियो में से संपादित करके 48 मिनट का वीडियो जारी किया जिसमें वीडियो से छेड़छाड़ करके उसे इस तरह बनाया गया जिससे पार्टी की छवि आम जनता की नजरों में धूमिल की जा सके. पार्टी स्टिंग के जरिए लगाए गए आरोपों को पहले ही खारिज कर चुकी है.