दैनिक भास्कर, जयपुर के खेल विभाग में सब कुछ ठीकठाक नहीं चल रहा है। एक संस्करण के स्थानीय संपादक समेत कुछ कर्मचारियों पर कभी भी गाज गिर सकती है। एमडी सुधीर अग्रवाल के निर्देश पर संपादक ओम गौड़ मामले की जांच में जुटे हैं। मामला शुरू होता है कुछ महीने पहले। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान खेल परिषद के कुछ पदाधिकारी दारू पार्टी कर रहे थे। भास्कर की खेल टीम कैमरा समेत वहां पहुंच गई। कुछ भाग गए कुछ कैमरे में कैद हो गए। अगले दिन सभी की फोटो भास्कर एक्सक्लुसिव के रूप में छपनी ही थी। सरकार ने एक्शन लिया और जिन लोगों पर गाज गिरी उनमें खेल परिषद के पीआरओ तेजराज सिंह भी शामिल थे।
तेजराज खुद कभी भास्कर के खेल संवाददाता हुआ करते थे। उस समय संपर्क बनाए और राजस्थान खेल परिषद के पीआरओ बन गए। तेजराज सिंह के खास मित्र हैं बिजेंद्र सिंह शेखावत जो इन दिनों भास्कर सीकर एडीशन के स्थानीय संपादक हैं। असल में शेखावत को निशाना बनाने के लिए ही दारू पार्टी की खबर छापी गई। खबर छापने के पीछे भास्कर के खेल प्रभारी नरेश शर्मा, ग्राफिक डिजायनर अमित शर्मा और पेज मेकर नरेश कुमावत थे जो कभी शेखावत के अधीनस्थ हुआ करते थे, जयराज सिंह उनके खास थे तभी से गुटबाजी और आपसी खींचतान जारी है। खबर छपने को लेकर शेखावत खासे नाराज चल रहे थे और यह भी जानते हैं कि उन्हें नीचा दिखाने के लिए ही यह सब किया गया है।
तीन चार दिन पहले पिंकसिटी प्रेस क्लब में नरेश कुमावत और अमित शर्मा शेखावत के सामने पड़ गए। वहां बैठे कई प्रत्यक्षदर्शियों के सामने शेखावत ने दारू के नशे में कुमावत और शर्मा की खूब मां-बहन कर दी। नरेश शर्मा को जब पता लगा तो तीनों ने सीधे एमडी सुधीर अग्रवाल को ई-मेल कर डाला। एमडी ने ई-मेल संपादक ओम गौड़ को फॅारवर्ड करते हुए मामले की रिपोर्ट तलब कर ली। ओम गौड़ इन दिनों गहन जांच में जुटे हैं कि क्या वास्तव में दारू के नशे में प्रेस क्लब में भास्कर के नाम को बट्टा लगाया गया। बताया जाता है कि एकाध दिनों में ही चारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सकती है।