देहरादून। उत्तराखण्ड के 13 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री द्वारा विकास पुस्तिका के आयोजन के उपलक्ष्य में आयोजित किए शाही भोज में पत्रकारों को खिलाए गए खाने में कीड़े निकलने से हड़कम्प मच गया। शाही भोज का इंतजाम सूचना एवं लोकसम्पर्क विभाग द्वारा देहरादून के प्रसिद्ध कैटरर्स कुमार द्वारा किया गया था। उत्तराखण्ड की मीडिया पर आपदा के दौरान सरकार की चरण वन्दना किए जाने के पूर्व में ही बातें सामने आ चुकी हैं।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में पत्रकारों को शाही भोज पर आमंत्रित किया गया था, शाही भोज के दौरान जब देहरादून की मीडिया के लोग भोजन मुर्ग मसल्लम से लेकर शाही फिश का स्वाद अपनी उंगलियों पर लेकर चख रहे थे तभी देहरादून के उत्तर उजाला के पत्रकार भगीरथ शर्मा की वैजिटेरियन प्लेट में खाने के अदर कीड़े मौजूद मिले। इस बात का पता जैसे ही मीडिया के अन्य लोगों को चला तो उन्होंने काफी देर तक कीड़े निकली प्लेट की वीडियाग्राफी से लेकर फोटोग्राफी तक करनी शुरू की लेकिन कोई भी पत्रकार कीड़े वाले खाने की खबर लिखने की हिम्मत नहीं जुटा पाया जबकि मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों को राज्यस्थापना दिवस के अवसर पर आमंत्रित किया गया था।
प्रदेश में आपदा के चलते भले ही केदारघाटी सहित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार मूलभूत सुविधाओ को पूरा नहीं कर पाई है लेकिन मीडिया मैनेजरों के जरिए पत्रकारों को शाही भोज मुर्ग मसल्लम के साथ जरूर परोसा जा रहा है। देखना होगा कि खाने में कीड़े निकलने के बाद सूचना एवं लोकसम्पर्क विभाग कुमार कैटरर्स का बिल भुगतान रोककर भविष्य में कोई कार्यवाही कर पाता है या नहीं।