पटना स्थित एक एडवरटाइजिंग कम्पनी के चेयरमैन अजय कुमार पर भागलपुर के एक व्यक्ति ने आत्महत्या के लिए मजबूर कर देने का आरोप लगाया है. भागलपुर निवासी शोभना नंद मजूमदार ने एम्पल मीडिया के चेयरमैन अजय कुमार पर उनका पैसा हड़पने का आरोप लगाया है. मजूमदार ने पुलिस और मीडिया को संबोधित एक ई-मेल लिखकर उसे अजय कुमार को भेजने के बाद कई जगहों पर भेजा है.
मेल में उन्होंने लिखा है कि एम्पल मी़डिया के चैयरमैन अजय कुमार ने मुझे बेवकूफ बनाकर लाइव टुडे न्यूज चैनल के भागलपुर ब्यूरो के लिए मुझसे एक लाख रूपये बतौर सिक्योरिटी ले ली. लेकिन ना तो चैनल शुरू हुआ और ना ही मेरे रूपये वापस किए. उन्होंने कहा कि उनके पास अजय कुमार से बातचीत के सारे पत्र और मेल रिकॉर्ड रखे हुए हैं. इसके बाद पैसों के लिए मैने उन्हें लगातार फोन किए पर उन्होंने कभी भी जवाब नहीं दिया
उन्होंने लिखा है कि तमाम तरह की मुश्किलें होने के बावजूद मैने अजय कुमार पर भरोसा किया था कि वे मेरा पैसा वापस कर देंगे. लेकिन वे पैसा देना तो दूर मुझसे बात भी नहीं करते. इसकी वजह से मैं बहुत कर्ज में दब गया हूं और मैं आत्महत्या के कगार पर पहुंच गया हूं. मजूमदार ने इसे अपना आखिरी मेल कहा है. उन्होंने कहा है इस वजह से लोगों का उन पर से विश्वास खो गया है.
मजूमदार ने लिखा है कि मैं इस जिन्दगी से बहुत निराश हो गया हूं और मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं. उन्होंने कहा है कि लेकिन मैं मरने से पहले अजय कुमार, संजय सुमन, राहुल आनंद, नूतन और गौरव का नाम पत्र में लिख कर आत्महत्या करूंगा ताकि इन लोगों को सजा मिल सके. उन्होंने पुलिस और मीडिया से अपील की है कि वे अजय कुमार को ना छोड़ें क्यूंकि अगर ये बच गया तो मेरे जैसे और भी बहुत से लोगों को ये लोग धोखा देते रहेंगे और अन्त में वे लोग भी सुसाइड कर लेंगे. उनके पास अजय कुमार के खिलाफ केस करने तक के लिए भी पैसे नहीं हैं.