एक चौंकाने वाली खबर है. सोनिया गांधी को एक वेबसाइट ने दुनिया के सबसे अमीर 12 नेताओं में से एक माना है. पैसे के मामले में दुनिया के सबसे अमीर राजनेताओं में सोनिया का स्थान 12वां है. उन्हें इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ और सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद से भी धनी बताया गया है. वेबसाइट का नाम है 'हफिंगटन पोस्ट' जो बेहद चर्चित और भरोसेमंद वेबसाइट है. यह दुनिया के शीर्ष कुछ वेबसाइटों में से एक है.
हफिंगटन पोस्ट के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्षा की संपत्ति करीब दो बिलियन डालर के आसपास है. इसे अगर रुपये में तब्दील करें तो नब्बे हजार करोड़ रुपये बैठता है. वेबसाइट ने यह नहीं बताया है कि यह पैसा कहां से आया और धनी नेताओं के बीच तुलना के लिए पैमाना क्या बनाय गया. वेबसाइट के इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
पत्रकार और सोशल एक्टिविस्ट Soumitra Roy लिखते हैं: ''अगर यह रिपोर्ट सही है तो कई गंभीर सवाल खड़े होंगे। लेकिन अगर यह सिर्फ एक दुष्प्रचार है तो मीडिया पर सवाल उठते हैं। 2009 में पेश हलफनामे के अनुसार सोनिया गांधी के पास 1.38 करोड़ की संपत्ति थी। हफिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक सोनिया की संपत्ति 90000 करोड़ के लगभग है और वे ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ से भी ज्यादा अमीर हैं।''





