जनसंदेश टाइम्स ने हिंदुस्तान, बनारस को फिर दो झटका दिया है. खबर है कि हिंदुस्तान के सीनियर रिपोर्टर सुरोजित चटर्जी ने इस्तीफा दे दिया है. वे अखबार की लांचिंग के समय से जुड़े हुए थे तथा प्रशासन बीट संभाल रहे थे. बताया जा रहा है कि सुरोजित अपनी नई पारी जनसंदेश टाइम्स से शुरू करने जा रहे हैं. उन्होंने अपना इस्तीफा स्थानीय संपादक अनिल भास्कर तथा नवीन जोशी को भेज दिया है. संपादक ने सुरोजित को काफी समझाने की कोशिश की परन्तु वे वापस लौटने को तैयार नहीं हुए.
हिंदुस्तान के ही आईटी विभाग में कार्यरत प्रदीप कुमार ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे भी जनसंदेश टाइम्स से जुड़ गए हैं. प्रदीप दो सालों से हिंदुस्तान से जुड़े हुए थे तथा सेकेंड इंचार्ज के रूप में काम कर रहे थे. बनारस में इस बात को लेकर सबसे अधिक चर्चा है कि आखिर क्या कारण है कि हिंदुस्तान जैसी बड़ी कंपनी से जुड़े लोग नए अखबार की तरफ भाग रहे हैं? वैसे बताया जा रहा है कि हिंदुस्तान की आतंरिक स्थिति काफी समय से खराब चल रही थी और विकल्प उपलब्ध होते ही लोग यहां से पलायन कर रहे हैं.





