दैनिक जागरण, गोरखपुर से राजीव रंजन तिवारी ने इस्तीफा दे दिया है. वे यहां पर सीनियर सब एडिटर थे. राजीव ने अपनी नई पारी गोरखपुर में जनसंदेश टाइम्स से शुरू की है. उन्हें गोरखपुर महानगर का सिटी चीफ बनाया गया है. राजीव पिछले ग्यारह सालों से जागरण के साथ जुड़े हुए थे. राजीव का जाना जागरण के लिए बड़ा झटका है. खबर है कि राजीव के अलावा भी कई अन्य लोग जल्द ही इस्तीफा देने वाले हैं.
राजीव ने 2001 में दैनिक जागरण, मेरठ से करियर शुरू किया था. वे मेरठ यूनिट से सम्बद्ध बुलंदशहर, खुर्जा, मुजफ्फरनगर,
शामली, मवाना, खतौली तथा देहरादून यूनिट से संबद्ध हरिद्वार के साथ भी विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे. कुछ समय पहले ही उनके अनुरोध पर उनका तबादला गोरखपुर किया गया था. राजीव रंजन के लेख देश भर के कई अखबारों में बराबर छपते रहते हैं. राजीव की गिनती तेजतर्रार हिंदी पत्रकारों में की जाती है. बताया जा रहा है कि जनसंदेश प्रबंधन सीनियर पदों पर ज्वाइन करने वालों को लैपटॉप दे रहा है और चर्चा है कि इन लोगों को कंपनी कार भी देगी.
सीवीबी न्यूज से खबर है कि बिनीत केडिया ने इस्तीफा दे दिया है. वे प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत थे. बिनीत ने अपनी नई पारी रिलायंस ब्राडकास्ट के बिग मैजिक टीवी से शुरू की है. उन्हें यहां भी प्रोड्यूसर बनाया गया है. वे मुंबई और कानपुर लोकेशन के लिए काम करेंगे. बिनीत इसके पहले लाइव इंडिया, इंडिया न्यूज समेत कई प्रोडक्शन हाउसों को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.





