रायपुर : प्रथम सृजनगाथा डॉट कॉम सम्मान-2013 के लिए कवि डॉ. असंगघोष (जबलपुर) को चुना गया. यह सम्मान उन्हें उनकी कविता-कृति 'मैं दूंगा माकूल जबाब' के लिए दिया जाएगा. डॉ. असंगघोष की अब तक तीन कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं जिनके नाम इस प्रकार है – मोश नहीं हूं मैं, हम गवाही देंगे और मैं दूंगा माकूल जबाब. वे तीसरा पक्ष पत्रिका के सह-संपादक भी हैं.
बीते 7 वर्षों से संचालित साहित्य, संस्कृति और भाषा की अंतर्राष्ट्रीय वेब पत्रिका सृजनगाथा डॉट कॉम द्वारा इस वर्ष से साहित्यिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक व कलात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए सृजनगाथा सम्मान का शुभारंभ किया गया है. डॉ. असंगघोष को सम्मान स्वरूप 21,000 की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल प्रदान कर अंलकृत किया जाएगा. इस सम्मान को देने के लिए एक चयन समिति का गठन हुआ था, जिसमें गिरीश पंकज, पूर्व सदस्य साहित्य अकादमी व संपादक सद्भावना दर्पण, रायपुर, डॉ. सुशील त्रिवेदी (आईएएस) वरिष्ठ साहित्यकार, रायपुर, अशोक सिंघई, वरिष्ठ कवि, भिलाई, डॉ. बलदेव, वरिष्ठ आलोचक, रायगढ़ शामिल हैं.
चयन समिति के सदस्यों ने उन्हें 'अमानवीय होते समाज में मानवता के छूटते जा रहे पहलुओं को धैर्य और प्रामाणिकता के साथ रेखांकित करनेवाला कवि' बताया है.
सृजनगाथा डॉट कॉम के संपादक जयप्रकाश मानस ने बताया कि यह सम्मान 8 वें अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन श्रीलंका कैंडी के मुख्य अलंकरण समारोह में 20 जनवरी के दिन दिया जाएगा. डॉ. असंगघोष को ये सम्मान हिंदी के प्रतिष्ठित आलोचक डॉ. खगेंद्र ठाकुर, श्रीलंका में पदस्थ भारत के द्वितीय सचिव व कवि विनोद पाशी तथा मॉरीशस की लेखिका रेशमी रामधोनी के कर कमलों से प्रदान किया जायेगा.