लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नए साल के पहले दिन मीडिया के हित में एक पहल की. जिसके अंतर्गत अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने सरकारी आवास से मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब की वेबसाइट को लांच किया. अखिलेश यादव ने कहा कि इंटरनेट ने ज्ञान और जानकारी को सर्वसुलभ बनाने में क्रांतिकारी भूमिका निभाई है, जिसके चलते वेबसाइटों में उपयोगी विवरण को शामिल किया जाना जरूरी है.
उन्होंने फोटोग्राफर्स की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह वेबसाइट संस्था के प्रयासों को आम जन तक पहुंचाने में सफल सिद्ध होगी.
अखिलेश ने कहा कि फोटोग्राफर्स द्वारा खींचे गए चित्रों पर कॉफी टेबल बुक्स का प्रकाशन बेहद उपयोगी रहेगा. उन्होंने इलाहाबाद के कुंभ मेले, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व को दर्शाने वाली कॉफी टेबल बुक्स का प्रकाशन कराए जाने की बात कही.
प्रदेश में आने वाले राजदूतों, विभिन्न दलों के नेताओं तथा अन्य महानुभाव को यह पुस्तकें उपहार स्वरूप भेंट की जा सकती हैं. साथ ही इन्हें विभिन्न दूतावासों को भी भेजा जा सकता है. इनके माध्यम से देश व दुनिया के लोगों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न पहलुओं के बारे में उपयोगी व सार्थक जानकारियां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
इस मौके पर मीडिया फोटोग्राफर्स क्लब के अध्यक्ष एसएम पारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि इस वेबसाइट में देश-प्रदेश व राजधानी के प्रेस फोटोग्राफर्स तथा स्वतंत्र फोटोग्राफर्स द्वारा खींचे गए चित्र तथा न्यूज चैनल कैमरामैनों की एक्सक्लूसिव वीडियो फुटेज प्रदर्शन हेतु शामिल की गई है.
इस वेबसाइट के माध्यम से राजधानी व प्रदेश की प्रमुख घटनाओं की फोटो प्रकाशन हेतु निःशुल्क प्राप्त की जा सकती है. इसके साथ ही इसमें प्रेस फोटोग्राफर्स तथा न्यूज चैनल कैमरामैनों के संपर्क नंबर और ई-मेल भी मौजूद हैं. आम जनता को भी इस वेबसाइट से काफी मदद मिल सकती है. उन्होंने संस्था की भावी गतिविधियों के बारे में भी बताया.
राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (आईएफडब्लूजे) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार के विक्रम राव ने इस मौके पर मुख्यमंत्री को श्रमजीवी कलमकार पत्रिका का अंक भेंट किया. इस अंक में संस्था के सदस्यों की भूटान यात्रा के संबंध में भी लेख प्रकाशित किया गया है.