लखनऊ : लखनऊ के पत्रकार संजय श्रीवास्तव ने खुद की एक वेबसाइट लांच की है. नाम है 'इंडिया एक्सप्रेस न्यूज डाट काम'. संजय लगभग 20 वर्ष से पत्रकारिता में हैं और कई राष्ट्रीय समाचार पत्रों में संवाददाता से लेकर विशेष संवाददाता के पदों पर काम करते रहे.
संजय कहते हैं: ''मैंने महसूस किया कि पत्रकारिता का दौर बदल गया है. बॉस की चाटुकारिता ना करने की वजह से कई बार मुझे बेहतर संस्थान छोड़ना पड़ा. संस्थान के अंदर तथाकथित चाटुकार तो मौज में नौकरी करते रहें और सड़क पर होने की वजह से मुझे अपने परिवार के साथ महीनों संघर्ष करना पड़ा. कभी मकान मालिक का ताना तो कभी राशन की कमी होने की वजह से परिवार की नजरों में गिरना पड़ा. मेरी तरह सैकड़ों पत्रकार इस दौर से गुजरे होंगे और गुजर रहे होंगे. इसलिये मैंने फैसला लिया कि जहां काम कर रहे हैं उसके साथ-साथ एक अपना ऐसा अस्त्र तैयार करूं जिसका अंदाज और तेवर अलग हो. भ्रष्ट नेता हो या फिर ब्यूरोक्रेट्स, किसी के खिलाफ छापना हो तो किसी तरह की कोई बंदिश ना हो. इसलिये मैं अपना, आप सभी का हिन्दी न्यूज पोर्टल ‘इंडिया एक्सप्रेस न्यूज डॉट कॉम’ लांच कर रहा हूं.''





