Chandan Srivastava : पश्चिम बंगाल में नाबालिग लड़की के साथ जो कुछ हुआ, उसके बाद पुलिस की कार्यशैली से मन बहुत व्यथित है. बताया जा रहा है कि दुष्कर्म करने वाले आरोपी सत्ताधारी दल से ताल्लुक रखते थे. वो गिरफ्तार हो चुके हैं, उन पर तो फैसला अदालत करेगी. लेकिन दोस्तों पुलिस की भूमिका इस मामले मे कुछ कम सन्दिग्ध नहीं है. दुष्कर्म की शिकायत के लगभग तुरंत बाद वही आरोपी पीड़ित लड़की के साथ पुनः दुष्कर्म करते हैं, फिर से शिकायत के बाद उसे जलाकर मार डालते हैं.
ऐसा लगता है कि पीड़ित और उसके परिजनों द्वारा जब पहली बार शिकायत की गई उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को प्रोत्साहन दिया हो, लड़की को शिकायत के बदले सबक सिखाने का. दूसरी बार शिकायत के बाद इस बात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि सत्ताधारी दल से जुड़े आरोपियों के साथ पुलिस ने साठ-गांठ करके लड़की की जघन्य हत्या करने का षणयंत्र रचा हो. ताकि इस मामले को खत्म तो किया ही जा सके, साथ ही आगे भी लोगों के मन मे खौफ पैदा किया जा सके. कोलकाता के जिस्मफरोशी व्यापार से कौन नहीं परिचित होगा. हो सकता है जिस्मफरोशी के व्यापार का माफिया आगे के लिए ये सन्देश देना चाहता हो कि बलात्कार जैसे मामले की जो शिकायत करेगा उसका यही हश्र होगा.
इसलिए दोस्तों आप सभी से निवेदन है कि हम मांग करें कि इस मामले मे एक्शन न लेने वाले पुलिसकर्मियों को भी आरोपी बनाया जाय साथ ही जिस्मफरोशी व्यापार के माफिया को भी सन्देह के दायरे मे लाया जाय. क्योंकि बिना किसी बड़ी ताक़त के ऐसा वीभत्स अपराध मुमकिन नहीं. कृपया आप सभी राय दें कि हम अपने सीमित संसाधन के सहारे इस मामले मे जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार पर कैसे दबाव बना सकते हैं.
युवा पत्रकार चंदन श्रीवास्तव ने फेसबुक पर A Slap to West Bangal Police नामक ग्रुप बनाया है. इस ग्रुप के जरिए वे वेस्ट बंगाल में हुई जघन्यतम घटना के सभी आरोपियों को सख्त से सख्त दंड दिलाने की कवायद कर रहे हैं. आप भी इस ग्रुप से जुड़ सकते हैं, नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें…






