हांगकांग। हांगकांग के मीडिया जगत में अपना साम्राज्य स्थापित करने वाले मीडिया मुगल रूनरून शा का आज निधन हो गया। शा की कंपनी टेलीविजन व्राडकास्ट लिमिटेड (टीवीबी) ने बताया कि उन्होंने अपने घर में अपने परिजनों के बीच अंतिम सांस ली। वह 107 वर्ष के थे। टीवीबी ने कहा कि श्री शा ने अपनी दूरदर्शिता और ऊर्जा से अपनी कंपनी को हांगकांग की सबसे बड़े टेलीविजन स्टेशन के रूप में स्थापित किया।
उनका स्टेशन चीनी भाषा के टेलीविजन उद्योग में अव्वल स्थान पर है। उन्होंने वर्ष 1967 में हांगकांग के सबसे बडे फ्री टू एयर टेलीविजन आपरेटर टीवीबी की स्थापना की। शा ने चीन की कुंग फु फिल्मों को पश्चिमी देशों में लोकप्रियता दिलाई। उन्होंने हांगकांग को पूर्व के हालीवुड के रूप में विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाई। उनके टेलीविजन स्टेशन ने हांगकांग की संस्कृति और विदेशों में बसे चीनी नागरिकों पर काफी प्रभाव डाला है।






