कुरुक्षेत्र की एक महिला पत्रकार के बारे में दिल्ली की एक महिला ने प्रेस कांफ्रेंस कर सनसनीखेज खुलासा किया है। दिल्ली की रहने वाली एक महिला रेणु टूरा (पत्नी लखवीर टूरा) ने कुरुक्षेत्र में आकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इसमें कुरुक्षेत्र के ज्यादातर सक्रिय पत्रकार पहुंचे। महिला ने पत्रकार वार्ता शुरू करते ही महिला पत्रकार नीना गुप्ता जो कि जगमार्ग नामक एक अखबार से जुड़ी हुई हैं, के बारे में बताना शुरू किया। रेणु ने कुरुक्षेत्र की कृष्णा गेट चौकी में एक शिकायत दी हुई है।
इसमें आरोप है कि उसने एक मकान खरीदा है, जिसकी बाकायदा उसके पास रजिस्ट्री व मलकियत के पूरे कागज है, लेकिन उस मकान पर नीना गुप्ता अपना कब्जा छोडऩे के नाम पर पैसे मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच लाख रुपये उन्होंने नीना को दे भी दिए, लेकिन इसके बावजूद वह मकान खाली नहीं कर रही।
जब ये सारा मामला चौकी में आया और चौकी के इंचार्ज कृष्ण मेहता ने दोनों का पक्ष सुनने के बाद जब नीना को कागज दिखाने के लिए कहा तो वो कोई भी कागज दिखा ना पाई। मामला चूंकि पत्रकार से जुड़ा था, इसलिए अधिकारी ने बीच में पड़ना मुनासिब नहीं समझा व मामले को रफा दफा करने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली वासी रेणु भी हार कहां मानने वाली थी। उसने सबसे पहले मामला पत्रकारों की पंचायत में रखा और वहां नीना के बारे में कई सनसनीखेज खुलासे कर डाले।
पत्रकार वार्ता के दौरान कुरुक्षेत्र के पत्रकारों द्वारा खुले रूप से दिल्ली से आई दुखियारी महिला को आश्वासन दिया गया कि वह किसी के भी निजी मामले में दखलअंदाजी नहीं करेंगे व ना ही नाजायज करने वाले किसी पत्रकार का साथ देंगे। उसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र को महिला पत्रकार सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ एक शिकायत दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा शिकायत का नंबर 1036/पी/सिटी लगाकर जांच के लिए भेज दी है।





