लखनऊ : चुनाव आयोग के निर्देश के बाद यूपी में मुख्यमंत्री मायावती और हाथियों की मूर्तियों को ढंकने का काम शुरू कर दिया गया है. लखनऊ में राजकीय निर्माण निगम ने यह काम शुरू किया लेकिन संसाधन की कमी के चलते बाद में इसे रोक दिया गया. अब निर्णय लिया गया है कि इन मूर्तियों को लपेटने का एलडीए यानी लखनऊ विकास प्राधिकरण पूरा करेगा. इसके लिए प्राधिकरण की बैठक भी हुई पर अभी यह साफ नहीं हो सका है कि इसे किस तरह से पूरा किया जाएगा.
लखनऊ स्थित अम्बेडकर स्मारक पार्क में मायावती की सबसे बड़ी मूर्ति 24 फीट की है. मायावती की पांच मूर्तियां हैं. पांच दर्जन हाथियों की गैलरी है. इसमें 96 लाख रुपये की एक मूर्ति है. इसके अलावा रमाबाई पार्क, कांशीराम पार्क में भी मायावती और हाथियों की मूर्तियां हैं, जिनको ढंके जाने का निर्देश है. पर यह काम आज आधा-अधूरा ही छोड़ दिया गया है. दूसरी तरफ नोएडा में भी एडीएम के निर्देश पर दलित प्रेरणा स्थल पर मायावती और हाथियों को ढंकने का काम शुरू किया गया, पर इसे भी बीच में ही रोक दिया गया.





