हिंदुस्तान, बरेली से खबर है कि वरिष्ठ पत्रकार और डीएनई संजीव द्विवेदी ने इस्तीफा दे दिया है. वे यहां सिटी चीफ की भूमिका निभा रहे थे. संजीव के इस्तीफा देने के कारणों का पता नहीं चल पाया है परन्तु बताया जा रहा है कि स्थानीय संपादक आशीष व्यास से उनका तालमेल नहीं बैठ पा रहा था. संजीव पिछले अठारह सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने करियर की शुरुआत दैनिक जागरण, मुरादाबाद से की थी. लगभग साढ़े ग्यारह वर्ष तक जागरण को कई स्थानों पर सेवाएं दीं. जागरण, हल्द्वानी के सिटी चीफ भी रहे.
जागरण से इस्तीफा देने के बाद वे अमर उजाला, बरेली पहुंचे. साढ़े चार साल यहां रहने के बाद वे हिंदुस्तान, बरेली की लांचिंग टीम से जुड़ गए. इन्हें अमर उजाला से केके उपाध्याय हिंदुस्तान लेकर आए थे. तभी ये सिटी चीफ के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे. संजीव को केके उपाध्याय का खास माना जाता था. इसलिए इनका इस्तीफा अखबार के लिए झटका होने के साथ केके उपाध्याय के लिए भी चुनौती है. वैसे भी सूत्रों का कहना है कि जब से आशीष व्यास यहां आए हैं तब से अखबार में गलतियों की भरमार हो गई है. हालांकि संजीव ने अभी कहीं ज्वाइन नहीं किया है. वे आगे क्या करने वाले हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.





