चंडीगढ़ : वयोवृद्ध पत्रकार संतोष कुमार आचार्य का बीमारी के बाद परसों रात निधन हो गया। स्थानीय पीजीआई में एक हफ्ते से उनका इलाज चल रहा था। आचार्य (84) की कल अंत्येष्टि कर दी गई। पंजाब के सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार आचार्य के निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शोक प्रकट किया है।
आचार्य अपने पीछे पत्नी और तीन बेटे छोड़ गए हैं। संतोष कुमार आचार्य के पुत्र नलिन आचार्य हिन्दी समाचारपत्र हिम प्रभा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। संतोष कुमार आचार्य हिम प्रभा व नया लोकयुग के सम्पादक के अलावा जालन्धर में वीर प्रताप के समाचार सम्पादक के रूप में भी कार्यरत रहे। उन्होंने शिवालिक संदेश नाम से अपना एक समाचार पत्र भी निकाला। उनके एक बेटे नलिन आचार्य काफी लम्बे समय से चण्डीगढ़ प्रैस क्लब से जुड़े रहे हैं और महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री संतोष कुमार ने न केवल पत्रकारिता जगत में नाम कमाया बल्कि वे एक नेक इंसान के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी लीन थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





