नई दिल्ली : ब्रॉडकास्ट कंटेंट कंप्लेंट्स काउंसिल (बीसीसीसी) को पिछले साल जून के बाद से टीवी कार्यक्रमों के संबंध में लगभग 3,411 शिकायतें मिल चुकी हैं। इनमें से सबसे ज्यादा शिकायतें राखी सावंत की मेजबानी वाले एक कार्यक्रम और रियलिटी शो बिग बॉस में पोर्न स्टार सनी लियोन की मौजूदगी से जुड़ी थीं। अधिकारियों ने बताया कि टीवी चैनलों के कार्यक्रमों पर नियंत्रण लगाने वाले इस निकाय ने ज्यादातर शिकायतों का निस्तारण कर दिया है।
इनमें से लगभग 1,883 शिकायतें सिर्फ सुझाव थीं। ऐसे मामलों में शिकायतकर्ता को सूचित किया गया कि ये शिकायतें कार्यक्रम की सामग्री से जुड़ी नहीं हैं। बीसीसीसी इन पर विचार नहीं कर सकता। हालांकि 479 शिकायतें ऐसी थीं, जो शिकायतों की श्रेणी में आ रहीं थीं। परिषद ने इन पर सुनवाई कर कार्रवाई की। इनमें से 36 शिकायतें ऐसी थीं, जिनमें कलर्स चैनल के कार्यक्रम बिग बॉस 5 पर लियोन की उपस्थिति से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। इनमें से कई शिकायतों में दावा किया गया था कि लियोन की मौजूदगी से बच्चे जानना चाहते हैं कि पोर्न स्टार क्या होता है। इसलिए वे पोर्न उद्योग से परिचित हो रहे हैं। इन शिकायतों के बाद बीसीसीसी ने चैनल को सुझाव दिया कि वह भविष्य में प्रत्याशियों के चयन के दौरान सावधानी बरते। साभार : एजेंसी





