ऐसा कम ही होता है कि कोई प्रदेश सरकार अपनी पुलिस से ही जंग लड़े. आमतौर पर प्रदेश सरकारें पुलिस के साथ मिलकर भ्रष्टाचार में डूब जाया करती हैं. पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली पुलिस को, जो कि गृह मंत्रालय यानि केंद्र सरकार के अधीन है, इतना टाइट कर दिया है कि पुलिस वालों को पसीने छूट रहे हैं. इस बात की तारीफ करने की जगह दिल्ली की मीडिया पुलिस के बचाव में नजर आने लगी है. आम आदमी पार्टी के मंत्री मनीष सिसौदिया, जो पहले पत्रकार रहे हैं, ने मीडिया वालों को इसी बात को लेकर चेताया कि वो दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता न बन जाएं.
आम आदमी पार्टी के मंत्री मनीष सिसौदिया के बयान पर शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारी हंगामा मच गया. मंत्रियों के आरोप को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तब मनीष सिसौदिया ने वहां मौजूद मीडिया के लोगों से कहा कि आप पुलिस के प्रवक्ता की तरह बात नहीं करे. गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दो मंत्रियों सोमनाथ भारती और राखी बिड़ला के व्यवहार को लेकर शुक्रवार को उपराज्यपाल नजीब जंग को एक रिपोर्ट सौंपी है. इसी सिलसिले में मनीष से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने मीडिया को नसीहत दी. परसों रात छापेमारी के दौरान मंत्री सोमनाथ भारती और एसीपी के बीच बहस हो गयी थी.






