ग्रेटर नोएडा से खबर है कि कासना कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है. इनके पास से एक कार और कैमरा भी बरामद किया गया है. आरोप है कि दोनों पुलिस पर डंपर के ड्राइवर से अवैध वसूली करने का आरोप लगाकर रुपयों की डिमांड करने लगे. कैमरे में रिश्वत लेने की वीडियो बन जाने की बात कहकर पुलिसकर्मियों को दोनों ने धमकाना शुरू कर दिया. पुलिस का कहना है कि खुद को ये दोनों एक न्यूज चैनल का पत्रकार बता रहे थे. बाद में जब जांच की गई तो पता चला कि वे किसी भी चैनल में नही हैं.
पुलिस के अनुसार पीसीआर पर तैनात दो पुलिसकर्मी सिटी पार्क के पास डंपरों को चेक कर रहे थे. यहां तीन डंपर खडे़ हुए थे. उसी दौरान होंडा सिटी कार में सवार होकर दो पत्रकार पहुंचे. कासना कोतवाली के एसओ प्रवीण यादव ने बताया कि दोनों एक साइड में खड़े होकर वीडियो बनाने लगे. बाद में ये पुलिसकर्मियों के पास पहुंच गए. यहां उन्होंने पुलिसकर्मियों पर ड्राइवरों से घूस लेने का आरोप लगाया. साथ ही खुद को एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताने लगे. पुलिस से दो हजार रुपये की डिमांड करने लगे. पुलिसकर्मियों ने मामले की सूचना सीनियर अफसरों को दी. जब उनके बारे में चैनल के ऑफिस से डिटेल मांगी गई तो पता चला कि दोनों उक्त कंपनी में काम नहीं करते. बाद में पुलिस उन्हें अरेस्ट कर कोतवाली ले आई. पुलिस ने इनकी पहचान मूलरूप से ग्वालियर निवासी अंशुल सिंह और हरेंद्र के रूप में की है. ये फिलहाल स्वर्णनगरी सेक्टर में रह रहे थे. पुलिस ने कार और कैमरा जब्त कर लिया है.





