स्टार न्यूज़ के कर्यक्रम ''कौन बनेगा मुख्यमंत्री'' के हरिद्वार कार्यक्रम में हंगामा होने के बाद से हरिद्वार प्रशासन और निर्वाचन आयोग किसी भी न्यूज़ चैनल को लाइव कार्यक्रम और चुनावी बहस की अनुमति नहीं दे रहा है. हालात ये है कि कई न्यूज़ चैनल के लोग प्रशासन और आयोग के चक्कर काटते काटते परेशान हैं. पिछले दिनों हरिद्वार में ''कौन बनेगा मुख्यमंत्री'' का कार्यक्रम हुआ था जिसमें राज्य के मंत्री और हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक और कांग्रेस के नेता अमरीश कुमार के समर्थकों के बीच भारी हंगामा हुआ था.
हालात यहाँ तक पहुंच गये थे कि पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था. इस मामले में हरिद्वार कोतवाली इंचार्ज को हटा दिया गया था. अब उस घटना को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन इस तरह के प्रोग्राम को अनुमति नहीं दे रहा है. कई न्यूज़ चैनलों की टीम प्रशासन के पास जा जा कर थक गयी है. स्टार न्यूज़ के कार्यक्रम में लोगों ने हरिद्वार के नेताओं को लड़ते हुए लाइव देखा था. इस प्रोग्राम को स्टार न्यूज़ के एंकर दीपक चौरसिया प्रस्तुत कर रहे थे. इस मामले में हरिद्वार प्रशासन ने दोनों नेताओं और न्यूज़ चैनल को नोटिस भी भेजा है.





